8 मई 2026

मारिषा दीक्षित की रिपोर्ट (अतर्रा)
अतर्रा (बांदा)। अतर्रा महाविद्यालय में वरिष्ठ प्राध्यापक एवं गणित विभागाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार विश्वकर्मा को महाविद्यालय का नया कार्यवाहक प्राचार्य नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति के बाद महाविद्यालय परिवार एवं शिक्षकों में खुशी का माहौल देखा गया। प्रबंध समिति एवं सहयोगी शिक्षकों ने उन्हें माल्यार्पण कर शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।डॉ. पी.के. विश्वकर्मा लंबे समय से शिक्षा क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह अप्रैल 2005 में गणित प्रवक्ता के रूप में आयोग से चयनित होकर अतर्रा महाविद्यालय में नियुक्त हुए थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने न केवल शैक्षणिक गतिविधियों को मजबूती प्रदान की, बल्कि महाविद्यालय की विभिन्न प्रशासनिक एवं सहशैक्षिक गतिविधियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कई वर्षों तक एनसीसी ऑफिसर के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का कार्य किया।प्रबंध समिति ने विश्वास जताया कि डॉ. विश्वकर्मा के नेतृत्व में महाविद्यालय में पठन-पाठन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा शैक्षणिक वातावरण को नई दिशा मिलेगी। शिक्षकों का कहना है कि वह अपने विषय के कुशल जानकार होने के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यों के भी अनुभवी हैं। विद्यार्थियों के बीच भी उनकी छवि एक सरल, अनुशासित एवं प्रेरणादायी शिक्षक की रही है।कार्यभार ग्रहण करने के बाद डॉ. विश्वकर्मा ने कहा कि महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के सहयोग से संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं उनके शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
